लखनऊ के नगर निगम बजट में यातायात सुरक्षा ही गायब

लखनऊ। नगर निगम के पुनरीक्षित बजट (2019-20) में शहर की यातायात सुरक्षा पर जीरो बजट रखा गया है, जबकि 2018-19 में यातायात सुरक्षा पर नगर निगम ने 289.37 लाख रुपये खर्च किया था। इस रकम से नगर निगम जेब्रा लाइन बनाने समेत कई कार्य करता है। इसमें सिग्नल भी शामिल हैं। पुनरीक्षित बजट में शहरवासियों पर किसी तरह के बोझ डालने की तैयारी नहीं है। पांच दिसंबर को नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में पुनरीक्षित बजट पर चर्चा होगी। महापौर की अध्यक्षता वाली इस बैठक में नगर निगम के बारह पार्षद भी होते हैं। सोमवार को नगर निगम की तरफ से बजट का एजेंडा जारी कर दिया गया। हालांकि बजट में सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण में कोई बजट नहीं बढ़ाया गया है। मूल बजट में 14905 लाख का प्रावधान था और पुनरीक्षित बजट में इतनी रकम के खर्च का प्रावधान किया गया है। नगर निगम ने पुनरीक्षित बजट में कर्मचारियों के वेतन व पेंशन पर खर्च बढ़ाया है। मूल बजट में अधिष्ठान मद में कटौती कर दी गई थी।